Wednesday, May 21, 2008

आप भी अपना नाम अंक जान सकते हैं

जब भी अंकशास्त्र की बात चलती है तो जन्मांक के साथ नामांक की बात जरूर होती है । जन्मांक तो लगभग सभी को ज्ञात होता है परंतु नामांक क्या होता है इसकी जानकारी कम लोगों को ही होती है। अंक शास्त्र के अनुसार नामांक का व्यक्ति के जीवन में अहम रोल होता है और व्यक्ति के दुर्भाग्य को सौभाग्य में बदलने के लिये भी अंकशास्त्री नामांक का सहारा ही लेते हैं।

जब हम बात करते हैं कि खली का जन्मांक 9 है और नामांक 12 है तो जिज्ञासा उत्पन्न होती है कि उनका जन्म 27 तारीख को होने से जन्मांक तो 2+7=9 हो सकता है परंतु नामांक 12 कहां से आ गया। या EMRAAN HASHMI का नामांक 37 TUSSHAR का 24 SUNIEL SHETTY का 45 INDIA का 12 DELHI का 18 नामांक होता है तो जिज्ञासा उत्पन्न होना स्वाभाविक होती है। अक्सर समाचार पत्रों में तथा टेलीविजन चैनलों पर भविष्यवाणी करने वाले अंकशास्त्री भी ये तो बता जाते हैं कि फलां राजनीतिज्ञ या अभिनेता, अभिनेत्री ने अपने नाम में कुछ बदलाव कर नामांक बदल दिया है पर कैसे बदला ये कभी नहीं बताते।

आइये हम जानते हैं कि नामांक की गणना कैसे की जाती है ?


A I J Q Y = 1
B K R = 2
C G L S = 3
D M T = 4
E H N X = 5
U V W = 6
O Z = 7
F P = 8

सदियों से इंगलिश के अक्षरों को दिये गये अंकों के आधार पर ही नामांक की गणना की जाती रही है। आज भी लगभग सभी देशी विदेशी अंकशास्त्री कहते और बताते भले ही कुछ भी हों नामांक की गणना इसी तरीके से करते हैं।

आपने देखा कि इन अक्षरों में से किसी को 9 अंक नहीं दिया गया है तथा इन अक्षरों को ये अंक कब और किसने दिये ये चर्चा हम बाद में कभी करेंगे। पहले हम आज के विषय पर आते हैं। अब आप भी इन ऊपर दिये गये अंकों से अपना नामांक निकाल सकते हैं। उदाहरणार्थ - RAVI नामांक 10, संयुक्त अंक 10 भाग्यचक्र के प्रतीक के रूप में जाना जाता है और सौभाग्यशाली अंक है। अगर रवि नाम के व्यक्ति की जन्मतिथि भी 1,10,19,2८ यानी एकल अंक 1 हो तो अंकशास्त्रियों के अनुसार उसे जीवन में किसी तरह की विफलता का सामना नहीं करना पड़ता। संयुक्त अंकों में कौन सा अंक भाग्यशाली है और कौन सा दुर्भाग्य शाली ये हम अगली पोस्टों में जानेंगे।

Sunday, May 18, 2008

नाम बदलने से भी करिश्मा हो सकता है

क्या ज्योतिष, हस्तरेखा शास्त्र, अंक ज्योतिष, या इसी तरह की अनेक विद्याओं से भविष्य जाना जा सकता है ? क्या इन विद्याओं के जरिये दुर्भाग्य को सौभाग्य में बदला जा सकता है ? क्या ये विद्यायें अंधविश्वास को बढ़ावा देती हैं ? प्रश्न कई हैं और इनके उत्तर भी संबंधित क्षेत्र के ज्ञाता या इन पर विश्वास न करने वाले अक्सर देते रहते हैं।

जिस तरह हर विषय के पक्ष और विपक्ष में लोगों की अपनी राय होती है इस विषय में भी है। कुछ विश्वास करते हैं, कुछ अंधविश्वास करते हैं तो कुछ हैं जो सिर्फ अंधविश्वास समझते हैं।जो अंधविश्वास समझते हैं उनके बारे में मैं कुछ नहीं कहना चाहता। उनकी अपनी राय है, अपनी सोच है हो सकता है वे सही हों। जो विश्वास करते हैं उनकी अपनी सोच है, इस विषय पर उनकी श्रद्धा है और इस विषय को अंधविश्वास मानने वाले लाख कोशिश कर लें उनके विश्वास को हिला नहीं पाते। जो इस विषय पर अंधविश्वास करते हैं उनसे मैं जरूर इतना कहना चाहूंगा कि इस विषय पर ही नहीं किसी भी विषय पर, किसी भी क्षेत्र में अगर विश्वास करें तो सिर्फ विश्वास करें अंधविश्वास न करें।

वर्तमान में हर तरफ अंकशास्त्र का बोलबाला है। अखबारों से लेकर टेलीविजन, इंटरनेट, पत्रिकायें और हर शहरों में खुले हुये ज्योतिष, टैरोकार्ड रीडर, अंकशास्त्र के केन्द्रों ने इस विद्या की जिज्ञासा और भी बढ़ा दी है। आम आदमी जब टेलीविजन चैनलों पर आने वाले सीरियलों या फिल्मों के अंग्रेजी नामों को देखता है (उदाहरण देखिये), जब वो ``कसम से´´ की स्पेलिंग्स Kasam se की जगह Kasamh se पढता है, या
kusum की जगह उसे KKusum दिखता है तो वो आश्चर्य में पड़ जाता है। जो लोग अंकशास्त्र के बारे में कुछ जानते हैं वे समझ जाते हैं कि किसी अंकशास्त्री द्वारा सुझाये गये स्पेलिंग्स बदलाव की वजह से अच्छे खासे नाम को विकृत करके पेश किया जा रहा है। परंतु कसम से में एक `एच´ और कुसुम में `के´ ही क्यों बढ़ाया गया ये उसकी समझ से बाहर होता है। जब ये सीरियल या Kaho naa pyaar hai जैसी फिल्में हिट हो जाती हैं तो उन्हें लगता है कि शायद अंकशास्त्र की वजह से इनके नामों में जो फेरबदल किया गया था उसकी वजह से शायद ये हिट हो गई हैं।

जिज्ञासा जब आम आदमी को इन विद्याओं के जानकारों के पास ले जाती है तो उनकी फीस सुनकर वे निराश मन से वापस लौट आते हैं। एक लेख के अनुसार दिल्ली, पुणे और मुम्बई में कार्यरत कई अंकशास्त्री और टैरोकार्ड रीडरों की सामान्य फीस 15 हजार से 20 हजार रूपये है जो समस्या का समाधान कराने गये व्यक्ति की हैसियत को देखकर और भी बढ सकती है।

लोग शायद अंकशास्त्र की तरफ इसलिये भी अधिक जाते हैं क्योंकि इसमें बड़े स्तर पर कोई उपाय नहीं करने पड़ते, कोई पूजा पाठ, किसी तरह का ताबीज गण्डा नहीं है सिर्फ प्रचलित नाम में जन्म दिनांक के हिसाब से कुछ फेरबदल किया जाता है और करिश्मा हो जाता है।

बचपन से मेरी रूचि अंकशास्त्र और उसके अध्ययन में है और जब अधिक जानकारी के लिये मैंनें अंतर्जाल पर अंकशास्त्र के बारे में टटोला तो हिन्दी में कहीं कुछ नहीं दिखा। अंग्रेजी में भी जो कुछ है वो समस्या का समाधान नहीं करता। जिज्ञासु लोगों की परेशानी और उन्हें मोटी-मोटी फीस सुनकर निराश होते या लुटते देख मेरे मन में इस ब्लॉग का विचार आया और `नाम का करिश्मा´ आपके सामने है। मेरी इस कोशिश से इस विद्या से जुडे विद्वानों की अमूल्य राय मुझे प्राप्त हो जाये,कुछ ज्ञान में बढ़ोत्तरी हो जाये, किसी की समस्या का समाधान हो जाये बस यही इच्छा है।